बाबा रामदेव जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा

बंजारा समाज ने धूमधाम से मनाया जन्मोत्सव

बाबा रामदेव जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा

गुना। दयालवाणी

लोक देवता बाबा रामदेव महाराज का जन्मोत्सव गुना में बंजारा समाज द्वारा इस वर्ष भी अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बीते वर्षों की परंपरा को निभाते हुए प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर से बमोरी ब्लॉक के चकदेवपुर स्थित बाबा रामदेव मंदिर तक एक विशाल चल समारोह निकाला गया।
लगभग 30 किलोमीटर लंबे इस ऐतिहासिक चल समारोह का गुना शहर सहित मार्ग में स्थान-स्थान पर भव्य स्वागत किया गया। इस धार्मिक यात्रा में गुना जिले के अलावा आसपास के कई अन्य जिलों से आए बंजारा समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह के दौरान पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों में भी भारी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के भजनों पर थिरकते हुए और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। चकदेवपुर पहुंचकर चल समारोह का समापन हुआ, जहां विशेष पूजा-अर्चना की गई।