वार्ड 25 के रहवासियों का फूटा नपा के नाकेदार पर गुस्सा
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन और पीएम आवास योजना को लेकर गंभीर आरोप
गुना। दयालवाणी
शहर के वार्ड क्रमांक 25 स्थित मुहालपुर रोड और सांई सिटी कॉलोनी के रहवासियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर बैठकर स्थानीय नागरिकों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगरपालिका द्वारा क्षेत्र में संजीवनी क्लीनिक तो बनाए गए हैं और पूर्व में आवास भी स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन पात्र हितग्राहियों को अब तक उनके आवास नहीं मिल पाए हैं।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने वार्ड के नाकेदार विनोद शर्मा पर तीखे आरोप लगाए। रहवासियों का कहना है कि नाकेदार और वार्ड प्रभारी द्वारा जनता से ठीक से बात नहीं की जाती है। आरोप है कि नाकेदार विनोद शर्मा लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं लेने दे रहे हैं और पीएम आवास योजना के फॉर्म यह कहकर जमा नहीं कर रहे हैं कि सांई सिटी कॉलोनी नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत नहीं आती है। नागरिकों ने तुरंत प्रभाव से नाकेदार को हटाने की पुरजोर मांग की है। मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद ममता तोमर भी कलेक्ट्रेट पहुंचीं और उन्होंने इस प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए। पार्षद ने आरोप लगाया कि एक तरफ नगरपालिका इस क्षेत्र में विकास कार्य करवा रही है, वहीं दूसरी तरफ पीएम आवास योजना के नाम पर कथित तौर पर दलाली चल रही है। पार्षद ने जानकारी दी कि बीते साल तक इसी क्षेत्र के लगभग 150 लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिल चुका है, और कई लोगों को तो किश्तें तक नहीं मिल पा रही हैं। जनता का सवाल है कि यदि कॉलोनी नगरीय क्षेत्र में नहीं आती है, तो नगरपालिका यहां विकास कार्य क्यों करवा रही है? रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि नाकेदार विनोद शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। पीएम आवास योजना के रुके हुए फॉर्म तुरंत जमा किए जाएं और झुग्गी बस्तियों में जीवनयापन कर रहे शेष बचे पात्र परिवारों को जल्द से जल्द पीएम आवास योजना का लाभ और उसकी लंबित किश्तें दिलाई जाएं।