गुना-म्याना बायपास से हटाए गए अवैध ठेले और आवारा पशु,गौशाला भेजे गए

गुना-म्याना बायपास से हटाए गए अवैध ठेले और आवारा पशु,गौशाला भेजे गए
कार्रवाई करते हुए अधिकारी।

गुना। दयाल वाणी

गुना-म्याना बायपास स्थित दो खंभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गुरुवार शाम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। तहसीलदार मयंक तिवारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम, ट्रैफिक पुलिस, जनपद पंचायत, पंचायत विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सख्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया है।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगे अवैध ठेलों और अस्थायी अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश जारी किए गए। नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों और ठेले वालों के खिलाफ मौके पर ही 50 से 100 रुपये के चालानी समन जारी किए गए। तहसीलदार मयंक तिवारी ने बताया कि मुख्य मार्ग पर लगे ठेलों से निकलने वाले मक्के और फलों के छिलकों के कारण बड़ी संख्या में आवारा पशु सड़कों पर जमा हो जाते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि आए दिन हादसों का खतरा भी बना रहता है। इसी समस्या के समाधान के लिए सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर बिलोनिया गोशाला भिजवाया गया है, ताकि सड़कें पूरी तरह सुरक्षित और सुगम हो सकें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण और बेसहारा मवेशियों के कारण आमजन को होने वाली असुविधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। साथ ही, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।