जय कन्हैयालाल की गूंज से गुंजायमान हुआ गुना
कान्हा की भक्ति में डूबे लोग, यादव समाज-महाराष्ट्रियन समाज ने आयोजित किए विशेष कार्यक्रम
गुना।दयालवाणी
शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। चारों ओर 'जय कन्हैयालाल की' के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर यादव समाज और महाराष्ट्रियन समाज द्वारा विविध और भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु कान्हा की भक्ति में सराबोर नजर आए।
यादव समाज की ओर से जन्माष्टमी के पावन अवसर पर एक भव्य चल समारोह निकाला गया। यह चल समारोह गायत्री मंदिर से प्रारंभ हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों—हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार और बापू पार्क से होते हुए लक्ष्मीगंज पहुंचा। चल समारोह का पूरे शहर में स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। रिमझिम बारिश के बीच भी समाजजनों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे भजनों की मधुर धुनों पर थिरकते व झूमते नजर आए। इसके पश्चात लक्ष्मीगंज में एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेशभर से आए समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। वहीं, नयापुरा स्थित श्रीकृष्ण गोपाल कृष्ण मंदिर ट्रस्ट महाराष्ट्र समाज और श्री राधिका महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में गोपाल मंदिर को भव्य और आकर्षक विद्युत लाइटों व फूलों से सजाया गया था। मध्यरात्रि 12 बजते ही भगवान के जन्म का महापर्व महाआरती और आतिशबाजी के साथ मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।