धोखाधड़ी कर जीवित भाइयों को दस्तावेजों में दिखाया मृत
10 बीघा भूदान जमीन हड़पने का आरोप
गुना। दयालवाणी
बमोरी तहसील के ग्राम हमीरपुर से आए ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से भू-माफिया और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने की गंभीर शिकायत की है। पीड़ित भाइयों रमेशचंद, मोहनलाल, लड्डूलाल और रामबाबू ने आरोप लगाया कि उनकी 10 बीघा भूदान की जमीन धोखे से अपने नाम करा ली गई है।
पीड़ितों के अनुसार, उनके पिता ऊंकारलाल के नाम पर दर्ज लगभग 10 बीघा जमीन उन्होंने किशनलाल नामक व्यक्ति को 5 साल के लिए बटाई (किराए) पर दी थी। आरोप है कि किशनलाल ने राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर चारों जीवित भाइयों को कागजों में मृत घोषित करवा दिया और जमीन अपने नाम नामांतरित करा ली। जब पीड़ित इस धोखाधड़ी की शिकायत लेकर पटवारी के पास पहुंचे, तो मदद करने के बजाय उनसे सवाल किया गया कि "इतने सालों से कहां सो रहे थे?" पीड़ितों ने बताया कि वे पुलिस से भी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर उन्होंने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और जमीन वापस दिलाने की मांग की है।