बिजली कंपनी के दफ्तर में उपभोक्ता और कर्मचारियों में मारपीट

कोतवाली पहुंचा मामला, दोनों पक्षों ने दिए आवेदन

बिजली कंपनी के दफ्तर में उपभोक्ता और कर्मचारियों में मारपीट
कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे उपभोक्ता।

गुना।दयालवाणी

 बिजली कंपनी के दफ्तर में सोमवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब बिजली बिल की राशि को लेकर एक उपभोक्ता और कर्मचारियों के बीच विवाद संघर्ष जैसी नौबत आ गई। बिल सुधरवाने पहुंचे उपभोक्ता ने विभाग के तीन कर्मचारियों पर अंदर खींचकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और गंभीर धमकी देने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी फरियाद लेकर सीधे सिटी कोतवाली जा पहुंचे, जहां पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।

 मामला श्रीराम कॉलोनी का है, जहां रहने वाले मोहित चंदेल सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपना बिजली बिल जमा कराने कार्यालय पहुंचे थे। मोहित के मुताबिक, उनके घर का असली बिल महज 1800 रुपए था, जबकि सिस्टम में 8 हजार रुपए की भारी-भरकम बकाया राशि बोल रही थी। इसी गड़बड़ी का हिसाब मांगने और पुराने भुगतान का स्टेटमेंट देखने के लिए जब वे खिड़की नंबर-6 पर पहुंचे, तो वहां मौजूद कर्मचारियों से उनकी बहस हो गई। मोहित का आरोप है कि स्टेटमेंट मांगने की बात पर कर्मचारी इतने भड़क गए कि उन्होंने उसे आॅफिस के अंदर खींच लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, उपभोक्ता ने कर्मचारियों पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और बीच-बचाव में आए उनके बड़े भाई रवि चंदेल के साथ भी अभ्रदता करने का गंभीर आरोप लगाया है। दूसरी ओर, इस हंगामे के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी भी पीछे नहीं रहे और वे भी अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गए।