म्याना में महाकाल सेवा समिति ने निकाली पालकी यात्रा
आयोजन में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
गुना। दयालवाणी
म्याना कस्बे में महाकाल सेवा समिति के नेतृत्व में 24 अगस्त को भगवान भोलेनाथ की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों भक्त शामिल हुए। यात्रा सदर बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए म्याना चौराहा स्थित हनुमान मंदिर पर संपन्न हुई, जहां आरती और प्रसादी वितरण किया गया। पूरा नगर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
यात्रा में पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ और बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। महेंद्र सिंह सिसोदिया ने भगवान शिव की पूजा कर पालकी को कंधे पर धारण किया, अरविंद धाकड़ ने झांझर बजाकर भक्तिभाव दिखाया, और ऋषि अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को फलाहार वितरित किया। इस दौरान म्याना में गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली। हिंदू भाइयों के साथ-साथ मुस्लिम समाज के लोगों ने भी भाईचारे के साथ पालकी यात्रा और प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओपी विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में बमौरी, फतेहगढ़, सिरसी, ऊमरी, म्याना और पुलिस लाइन का पुलिस बल तैनात रहा।