राष्ट्रीय खेल दिवस पर गूंजा हॉकी का जादू
संजय स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले
गुना। दयालवाणी
राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आज गुना जिला हॉकी संघ द्वारा संजय स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर विशेष खेल उत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर सुबह 9 बजे से गुना और शिवपुरी की टीमों के बीच दो शानदार प्रदर्शनी मैच खेले गए, जिसमें गुना की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 4 के मुकाबले 2 गोल से शानदार विजय हासिल की। इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान गुना शहर की उभरती हुई हॉकी प्रतिभाओं और इस खेल में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विशिष्ट खिलाड़ियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कई खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक भेंट करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि गुना शहर में हॉकी के प्रति एक खास दीवानगी और आकर्षण रहा है। यहां के कई खिलाड़ियों ने संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्कृष्ट खेल का लोहा मनवाया है। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्गीय के. एन. दुबे जैसे प्रतिष्ठित अंपायर भी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय फलक पर गुना हॉकी का मान बढ़ाया है। इस सफल आयोजन में जिला हॉकी संघ के तमाम पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।