रिटायर और पदोन्नत साथियों का कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने किया सम्मान
कलेक्ट्रेट परिवार ने किया भगवान शिव का अभिषेक
गुना। दयालवाणी
कलेक्ट्रेट परिसर में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित भगवान शिव शंकर के मंदिर पर कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से जलाभिषेक और पूजन किया, जिसके बाद भक्तिमय माहौल में भजन-संध्या का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कलेक्ट्रेट से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए और विभिन्न पदों पर पदोन्नत हुए कर्मचारियों का सम्मान समारोह रहा। कलेक्ट्रेट परिवार के सदस्यों ने फूल-मालाओं और उपहारों से सभी का स्वागत किया। सेवाकाल के लंबे सफर को याद करते हुए कई कर्मचारी अपने अनुभव साझा करते वक्त भावुक नजर आए, जिससे पूरा माहौल आत्मीयता से भर गया। पदोन्नत हुए कर्मचारियों ने अपने संबोधन में कहा कि विभाग द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारियों का निर्वहन वे पूरी ईमानदारी, क्षमता और पारदर्शिता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन और सहकर्मियों का सहयोग हमेशा उनके लिए प्रेरणास्त्रोत रहा है। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के तमाम अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे प्रशासनिक अमले में आपसी सामंजस्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला। भजन-संध्या के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया।