लकवा से पीड़ित वृद्ध ने कलेक्टर से लगाई गुहार
भतीजे पर दुकान पर कब्जा करने का लगाया आरोप
गुना।दयालवाणी
शहर की मुरली धोकल गली निवासी एक व्यक्ति ने पारिवारिक प्रताड़ना और संपत्ति पर कब्जे से तंग आकर जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। लकवा की बीमारी से जूझ रहे पूनमचंद कसेरा अपनी पत्नी के साथ जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने अपने ही भतीजे पर उनकी बर्तन की दुकान पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित पूनमचंद कसेरा के पास मुरली धोकल गली में बर्तन की वैध दुकान है, जिसकी रजिस्ट्री उनके नाम पर है। पूनमचंद का कहना है कि वे कुछ समय पहले लकवा जैसी गंभीर बीमारी का इलाज कराने के लिए भोपाल गए हुए थे। इसी दौरान उनके भतीजे ने उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए दुकान पर ताला डाल दिया और कब्जा कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि करीब 4 महीने बीत जाने के बाद भी भतीजा दुकान खाली करने से इनकार कर रहा है। जनसुनवाई के दौरान लकवा ग्रस्त वृद्ध बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने रोते हुए चेतावनी दी कि यदि उनके भतीजे ने जल्द ही दुकान से कब्जा नहीं हटाया, तो वे आत्महत्या करने के लिए विवश हो जाएंगे। पूनमचंद ने स्थानीय पुलिस पर भी लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस मामले की शिकायत उन्होंने कोतवाली थाने में भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार थक-हारकर उन्हें अपनी बुजुर्ग पत्नी के साथ न्याय की उम्मीद में कलेक्ट्रेट का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।