स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एक्शन में प्रशासन
आकर्षण का केंद्र रहेगा 'गुना' लिखा विशालकाय बैलून, कलेक्टर ने किया निरीक्षण
गुना।दयालवाणी
स्वाधीनता दिवस (15 अगस्त) समारोह को गरिमामय, भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुट गया है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल खुद लाल परेड मैदान पहुंचे। उन्होंने पूरे मैदान का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, परेड ग्राउंड, मंच व्यवस्था और आगंतुकों के बैठने के इंतजामों का बारीकी से मुआयना किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
15 अगस्त के मुख्य समारोह को इस बार बेहद खास और आकर्षक रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर एक विशालकाय बैलून (गुब्बारा) लगाया जाएगा, जिस पर गर्व से 'गुना' अंकित होगा। आसमान में लहराता यह विशाल बैलून पूरे स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नागरिकों और बच्चों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर लाल परेड मैदान में देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही, इस बार समारोह में एक विशेष 'टॉक शो' का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें जिले के विकास, स्वाधीनता के महत्व और प्रशासनिक उपलब्धियों जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
सरकार के निदेर्शों पर कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
इस बार का स्वतंत्रता दिवस समारोह प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी बेहद खास होने जा रहा है। राज्य सरकार से प्राप्त दिशानिदेर्शों के परिपालन में, लाल परेड मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल स्वयं मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और राष्ट्रध्वज को सलामी देंगे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाल परेड मैदान में पेयजल, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखे जाएं ताकि समारोह में शामिल होने वाले आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और गणमान्य अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।