हल्द्वानी घटना पर माफी मांगें प्रधानमंत्री: कांग्रेस
दलित उत्पीड़न के विरोध में गुना कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च
गुना।दयालवाणी
भाजपा की कथित दलित विरोधी एवं भेदभावपूर्ण मानसिकता के विरोध में प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी गुना द्वारा शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। हाट रोड से शुरू हुआ यह पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों निचला बाजार और सदर बाजार से होते हुए बापू पार्क पहुंचा। बापू पार्क पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष रजनीश शर्मा (पिंकू) ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण देने के बाद भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा उस स्थान का गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया, जो कि बेहद शर्मनाक और असहनीय है। रजनीश शर्मा ने कहा कि दलित वर्ग हमेशा से कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है, लेकिन भाजपा की प्रवृत्ति रही है कि जब भी कोई दलित किसी बड़े पद पर पहुंचता है, तो उसे अपमानित और नीचे गिराने का प्रयास किया जाता है। कांग्रेस पार्टी ने हल्द्वानी की इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में दलित समाज का यह अपमान कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर वर्ग को समान दृष्टि से देखा जाना चाहिए। इसके साथ ही गुना कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पूरे घटनाक्रम पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की पुरजोर मांग की है।