कप्तान ने मालखाने की फाइलें खंगालीं, जवानों का निशाना परखा
आधी रात जैसा सरप्राइज, अचानक चांचौड़ा थाने पहुंची हितिका वासल
गुना। दयालवाणी
जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने और अपराध नियंत्रण को गति देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने चांचौड़ा थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, शासकीय वाहनों और महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने के रिकॉर्ड और संपत्ति के रखरखाव को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि फरियादियों की शिकायतों पर अनावश्यक विलंब न किया जाए। थाने आने वाले हर पीड़ित की बात को धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्टाफ से सीधे संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, ड्यूटी संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही पुलिसकर्मियों के शस्त्र संचालन संबंधी अनुभव और तकनीकी दक्षता को भी परखा गया। उन्होंने जवानों से हथियारों के रखरखाव और आपात स्थिति में उनके सुरक्षित व प्रभावी इस्तेमाल को लेकर निर्देश दिए। अंत में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत किया जाए। अनुशासित, सजग और भयमुक्त वातावरण निर्मित करना ही पुलिसिंग का मूल उद्देश्य है।