राहुल के युवा संवाद की तैयारियों को लेकर मधुसूदनगढ़ में कांग्रेस की अहम बैठक

जयवर्धन सिंह ने साधा भाजपा पर निशाना

राहुल के युवा संवाद की तैयारियों को लेकर मधुसूदनगढ़ में कांग्रेस की अहम बैठक
मधुसूदनगढ़ में विशाल बैठक को संबोधित करते जयवर्धन सिंह।

मधुसूदनगढ़(गुना )। दयालवाणी

राहुल गांधी द्वारा 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित किए जा रहे 'युवा संवाद' कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मधुसूदनगढ़ के सुठालिया रोड स्थित मैरिज गार्डन में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राघौगढ़ विधायक एवं गुना जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस कार्यकतार्ओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत रणनीति बनाई।

बैठक को संबोधित करते हुए जयवर्धन सिंह ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के 21 वर्षों के शासनकाल में युवाओं के साथ लगातार छलावा हुआ है। उन्होंने पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पर्चे मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों से पहले बिचौलियों तक पहुंच जाते हैं, जिससे योग्य प्रतिभाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए जयवर्धन सिंह ने 2024 के अयोध्या लोकसभा चुनाव का उदाहरण देकर कहा कि जनता अब भाजपा के भ्रामक नारों की असलियत समझ चुकी है। इसके अलावा उन्होंने 'चंदा चोरी' के मामले में कड़ी कार्रवाई न होने पर सवाल खड़े किए और भाजपा सांसद कंगना रनौत की आजादी को लेकर दी गई विवादित टिप्पणी पर भी पलटवार किया। बैठक में पूर्व जनपद अध्यक्ष घनश्याम पालीवाल, महेंद्र सिंह, जिला महामंत्री धीरज सिंह मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष लाल सिंह गुर्जर, रामपाल सिंह, बाबूलाल पटेल, कृष्ण कुमार अग्रवाल, दिगपाल सिंह गुर्जर, बलदेव सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में सरपंच व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जयवर्धन सिंह ने प्रत्येक गांव से युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।