गुना जनसुनवाई में 235 आवेदकों की सुनीं समस्याएं
रेडक्रॉस से जरूरतमंदों को मिली 25 हजार रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता
गुना। दयालवाणी
शासन के निदेर्शानुसार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य और नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 235 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान राजस्व और पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके तहत कलेक्टर कन्याल ने आवेदिका पवित्रा अहिरवार को आंखों के इलाज के लिए और राघौगढ़ निवासी प्रेमनारायण जोगी को आर्थिक स्थिति में सुधार हेतु 10-10 हजार रुपये, जबकि ग्राम भादौर (तहसील आरोन) निवासी अशोक कुमार को 5 हजार रुपये का चेक सौंपा। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने प्राप्त शिकायतों को दर्ज कर समय-सीमा में निराकरण का आश्वासन दिया।